मानव तस्करी का सरगना गिरफ्तार
मानव तस्करी के एक सरगना को पश्चिम बंगाल से आई सीआईडी के साथ सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
By
Publish Date: Thu, 20 Aug 2015 12:48 AM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Aug 2015 01:23 AM (IST)
रितेश द्विवेदी, मुरादाबाद। मानव तस्करी के एक सरगना को पश्चिम बंगाल से आई सीआईडी के साथ सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने संयुक्त रूप से टीडीआई सिटी में छापामारी की। इस दौरान 30 वर्षीय मानव तस्कर अख्तर उल पुत्र अदीउर निवासी नित्यानंद काटी थाना स्वरूपनगर जिला चौबीस परगना, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली के एनजीओ शक्ति वाहिनी के सदस्य भी मौजूद रहे।
पश्चिम बंगाल के सीआईडी इंस्पेक्टर तुषार ने बताया कि मानव तस्कर अख्तर उल को हाई कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तार किया गया है। चार साल से उसकी तलाश थी। 2009 में अख्तर ने अमीना खातून नाम की लड़की से शादी की थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही वह लापता हो गया था। जिसके बाद लड़की के पिता रहमान ने पुलिस में मामला दर्ज कराया था। लड़की न मिलने पर पिता ने हाई कोर्ट में गुहार लगाई थी।
अदालत ने उसे गिरफ्तार कर हाजिर करने का आदेश सुनाया था। शक्ति वाहिनी एनजीओ की सदस्य पल्लवी घोष ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला था कि यह व्यक्ति पहले भी कुछ लड़कियों को शादी का झांसा देकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लाकर बेच चुका है।
पुलिस ने आरोपी से सिविल लाइंस थाने में पूछताछ की, लेकिन अख्तर ने कुछ नहीं उगला। अख्तर पिछले 10 साल से शहर में सक्रिय था। उसने बताया कि वह मजदूरों की ठेकेदारी का काम करता है। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग ठेकेदारों के साथ वह काम कर चुका है। पुलिस ने दो ठेकेदारों से पूछताछ भी की।