गोवध करने वालों की रद हो नागरिकता
उत्तराखंड के राज्यपाल अजीज कुरैशी ने कहा कि गोवध करने वाले की भारतीय नागरिकता रद कर देनी चाहिए।
By
Publish Date: Sun, 21 Sep 2014 09:12:45 PM (IST)
Updated Date: Sun, 21 Sep 2014 09:13:29 PM (IST)
देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल अजीज कुरैशी ने कहा कि गोवध करने वाले की भारतीय नागरिकता रद कर देनी चाहिए। रविवार को गोवर्धन जन जागरण रैली में शरीक राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि गोवध करने वाला हिंदुस्तानी हो ही नहीं सकता। इस बाबत केंद्र सरकार को कानून भी बनाना चाहिए। उन्होंने भारतीय गो क्रांति मंच की सभी मांगों का समर्थन करते हुए राष्ट्रपति को मांग-पत्र भेजने की बात कही।
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय रैली में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल ने कहा कि देश के 80 करोड़ से ज्यादा लोग गाय को माता मानते हैं और पिछले 50 सालों से गोवध रोकने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके लिए उनके स्तर पर मध्यप्रदेश में आंदोलन भी किए गए। साथ ही पिछले साल उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, हरियाणा व दिल्ली में कुरैशी बिरादरी की पंचायत भी की गई, जिसमें गोवध नहीं करने का निर्णय किया गया था।
साथ ही तय किया गया कि यदि कोई गोवध करेगा तो बिरादरी उसका बहिष्कार कर देगी। कुरैशी ने कहा कि मुगलकाल में गोवध पर प्रतिबंध था और बाबर ने बेटे हुमायूं को कहा था कि भारत में हिंदुओं के दिलों को जीतकर ही कोई राज कर सकता है।
अंग्रेज भारत आए तो उन्होंने गोवध की छूट दे दी। देश के 80 करोड़ लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य और केंद्र सरकारों को गोमाता को "राजमाता" का दर्जा दे देना चाहिए।